डॉ. आर. के. अरोड़ा को राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया

नई दिल्ली / जयपुर, 24 मई 2026। राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमा प्रबंधन एवं उत्कृष्ट सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. आर. के. अरोड़ा को 22 मई 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित बीएसएफ इन्वेस्टिचर सेरेमनी में “राष्ट्रपति पुलिस पदक विशिष्ट सेवा” (President’s Police Medal for Meritorious Service) से सम्मानित किया गया। समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गृह मंत्री श्री अमित शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा में कार्यरत अधिकारियों एवं जवानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भारत की सीमाओं की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक आधारित “स्मार्ट बॉर्डर” सुरक्षा प्रणाली विकसित की जा रही है, जिसमें ड्रोन, राडार एवं आधुनिक निगरानी तंत्र को शामिल किया जाएगा।
डॉ. आर. के. अरोड़ा ने इस सम्मान को व्यक्तिगत उपलब्धि न मानते हुए इसे राष्ट्र सेवा में समर्पित सभी सुरक्षा बलों, सहयोगियों, मार्गदर्शकों, “बॉर्डरमैन” संस्था तथा अपने परिवारजनों के सामूहिक समर्पण एवं त्याग का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि सीमा प्रबंधन, आतंकवाद-रोधी अभियानों, साइबर सुरक्षा, शांति स्थापना एवं संस्थागत निर्माण की यात्रा चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ अत्यंत संतोषजनक रही है।

डॉ. अरोड़ा ने बीएसएफ, जम्मू-कश्मीर, सीमावर्ती क्षेत्रों, उग्रवाद प्रभावित इलाकों एवं अंतरराष्ट्रीय शांति मिशनों सहित अनेक संवेदनशील क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं। उनका मानना है कि भारत की सुरक्षा चुनौतियों का समाधान केवल जमीनी अनुभव, तकनीकी नवाचार, रणनीतिक सोच एवं मजबूत संस्थागत क्षमता के समन्वय से ही संभव है।
एक साधारण ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाने वाले डॉ. अरोड़ा युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। वे शिक्षा, साइबर सुरक्षा, सीमा अध्ययन एवं युवा सशक्तिकरण के क्षेत्रों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
डॉ. अरोड़ा एक उत्कृष्ट खिलाड़ी भी रहे हैं तथा उन्होंने अमेरिका के न्यूयॉर्क में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह 26 मई 2026 को बीकानेर दौरे पर भी रहेंगे, जहां वे सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा तंत्र की समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply